आपराधिक इतिहास वाले 55 बदमाशों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
देवास पुलिस ने ₹39.65 लाख की राशि से कराया फाइनल बाउंड ओवर

“ऑपरेशन पवित्र” के तहत आदतन अपराधियों पर कसा शिकंजा, शांति भंग करने पर जेल की चेतावनी
देवास | 25 दिसंबर 2025, आदतन अपराधियों पर अंकुश लगाने एवं जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से देवास पुलिस द्वारा संचालित “ऑपरेशन पवित्र” के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आपराधिक इतिहास रखने वाले 55 अनावेदकों को कुल ₹39.65 लाख की राशि से फाइनल बाउंड ओवर कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोत के निर्देशन में जिले में 360 डिग्री पुलिसिंग के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य ऐसे असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण करना है, जिनकी वजह से आमजन में भय का माहौल बना रहता है।
शांति भंग करने पर बाउंड राशि जब्त या जेल
पुलिस के अनुसार, बाउंड ओवर की अवधि के दौरान यदि कोई भी अनावेदक पुनः शांति भंग करता है, तो उसके विरुद्ध धारा 141 बीएनएसएस के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। बाउंड राशि जमा नहीं करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति को जेल भेजा जाएगा।
इन थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
थाना सिविल लाइन
अपराधिक इतिहास वाले 14 अनावेदकों को 06 माह की अवधि के लिए ₹10-10 हजार की राशि से फाइनल बाउंड ओवर कराया गया।
थाना विजयागंज मंडी
09 अनावेदकों को 01 वर्ष की अवधि के लिए कुल ₹6.75 लाख की राशि से फाइनल बाउंड ओवर किया गया।
थाना बागली
01 अनावेदक को 06 माह की अवधि के लिए ₹50 हजार की राशि से बाउंड ओवर किया गया।
थाना कन्नौद
09 अनावेदकों को 01 वर्ष की अवधि के लिए ₹1 लाख की राशि से फाइनल बाउंड ओवर कराया गया।
थाना खातेगांव
22 अनावेदकों के विरुद्ध 01 वर्ष की अवधि के लिए ₹1 लाख की राशि से फाइनल बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई।
लगातार अशांति फैलाने पर की गई कार्रवाई
थाना प्रभारियों द्वारा बताया गया कि संबंधित अनावेदक आए दिन आमजन के साथ मारपीट, विवाद एवं झगड़े कर क्षेत्र में अशांति फैला रहे थे। इनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कार्यपालक मजिस्ट्रेट न्यायालय से फाइनल बाउंड ओवर आदेश प्राप्त किए गए।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने बताया कि
“ऑपरेशन पवित्र का उद्देश्य जिले के नागरिकों को आदतन अपराधियों के भय से मुक्त करना है। ऐसे तत्वों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई की जा रही है, ताकि आमजन निडर होकर जीवन व्यतीत कर सके।”
उन्होंने बताया कि इस अभियान के चलते न केवल आदतन अपराधियों द्वारा किए जाने वाले अपराधों में कमी आएगी, बल्कि जिले में कुल अपराध दर में भी गिरावट दर्ज होगी।
अब तक की उपलब्धि
01 नवंबर 2024 से प्रारंभ “ऑपरेशन पवित्र” के अंतर्गत अब तक जिले में 6,490 अनावेदकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल ₹38,51,05,000 की राशि से फाइनल बाउंड ओवर कराया जा चुका है।




