कोतवाली पुलिस ने 7.5 करोड़ की साइबर ठगी का भंडाफोड़ कर,12 आरोपियों को गिरफ्तार किया

एक महिला, 11 पुरुष को किया गिरफ्तार

देवास,17 दिसंबर 2025। देवास पुलिस ने “ऑपरेशन सायबर” के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए स्थानीय लोगों के बैंक खाते खरीदकर सायबर ठगी की राशि के लेन–देन में उपयोग करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। कोतवाली पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में मात्र तीन माह के भीतर 78 बैंक खातों के माध्यम से करीब 7.5 करोड़ रुपये के लेन–देन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कोतवाली थाना प्रभारी के अनुसार, थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 897/2025 धारा 318(4), 316(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। यह कार्रवाई NCRP पोर्टल पर सतत मॉनिटरिंग के दौरान प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर की गई।
ऐसे हुआ खुलासा
फरियादी रवि पिता अशोक चौहान (38), निवासी गोपाल नगर, इटावा, जिला देवास ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके नाम से खुलवाए गए बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक एवं चेकबुक का धोखाधड़ीपूर्वक दुरुपयोग किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोत के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित अग्रवाल के निर्देशन में कोतवाली पुलिस एवं जिला सायबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरोह को धर दबोचा।
तरीका-ए-वारदात
जांच में सामने आया कि आरोपी इरशाद और आसिम स्थानीय लोगों को लालच देकर युको बैंक व बैंक ऑफ महाराष्ट्र में नए खाते खुलवाते थे। खाते खुलवाने के बाद खाताधारकों से पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम लेकर इन्हें अन्य आरोपियों को बेच दिया जाता था।
आरोपी अकबर और हर्ष इन खातों का उपयोग BINANCE एवं BYBIT एप के माध्यम से डिजिटल करेंसी खरीदने में करते थे, जिसे बाद में टेलीग्राम पर सायबर ठगों को महंगे दामों पर बेचा जाता था। सायबर ठगी की राशि खाते में आते ही तत्काल नकद निकासी कर ली जाती थी। अधिक विड्रॉल लिमिट होने के कारण बैंक ऑफ महाराष्ट्र और युको बैंक के खातों का अधिक उपयोग किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
ठगी करने वाले आरोपी –
1. मो. इरशाद (35), इटावा
2. आसिम (30), पुष्पकुंज कॉलोनी
3. हर्ष (23), पुष्पकुंज कॉलोनी
4. अकबर (23), जामगोद नई आबादी
5. मोईन (22), नई आबादी
6. साहिल अली (22), विनायक नगर
7. मोईन उर्फ मोनू (23), विनायक नगर
खाता बेचने वाले आरोपी –
1. आफरीन (28), कर्मचारी कॉलोनी
2. रेहान शेख (20), कर्मचारी कॉलोनी
3. रेहान (18), पुष्पकुंज कॉलोनी
4. इस्तियाक (32), पुष्पकुंज कॉलोनी
5. तालिब (28), पुष्पकुंज कॉलोनी
जप्त मश्रुका
01 सुजुकी एक्सेस स्कूटी,बैंक ऑफ महाराष्ट्र की 05 किट, युको बैंक की 01 किट, वोडाफोन–आइडिया की 02 सिम, कुल 78 बैंक खाते (71 बैंक ऑफ महाराष्ट्र, 7 युको बैंक)
पुलिस की आमजन से अपील
देवास पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कुछ पैसों के लालच में अपने नाम से बैंक खाते न खुलवाएं और न ही अपने खाते, एटीएम, सिम या व्यक्तिगत जानकारी किसी अन्य को दें। साथ ही POS मशीन संचालक अनजान व्यक्तियों को कमीशन के लालच में मशीन का दुरुपयोग न करने दें।




