इंदौर प्रेस क्लब में होगा शक्ति सम्मान, 40 से अधिक महिला पत्रकार होंगी सम्मानित

इंदौर। शहर एक बार फिर महिला शक्ति के सम्मान का साक्षी बनने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 13 मार्च को इंदौर प्रेस क्लब में महिला पत्रकारों और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।
यह आयोजन केवल एक सम्मान समारोह नहीं बल्कि उन महिलाओं के संघर्ष, साहस और उपलब्धियों का उत्सव होगा जिन्होंने पत्रकारिता और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अमिट पहचान बनाई है। कार्यक्रम में 40 से अधिक महिला पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा।
लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से होंगी सम्मानित
समारोह का मुख्य आकर्षण लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड रहेगा। यह सम्मान उन वरिष्ठ पत्रकारों को दिया जाएगा जिन्होंने वर्षों तक अपनी लेखनी और बेबाक पत्रकारिता से समाज को दिशा दी है। इस प्रतिष्ठित सम्मान से जयश्री पिंगले और मनीषा दुबे को सम्मानित किया जाएगा।
महिला गौरव सम्मान भी दिया जाएगा
कार्यक्रम में शिक्षा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली तीन हस्तियों को महिला गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। इनमें डॉ. सोनाली सिंह, डॉ. जमना मिश्रा, डॉ. वंदना जोशी शामिल हैं।
इन महिला पत्रकारों को भी मिलेगा सम्मान
समारोह में शहर की कई सक्रिय महिला पत्रकारों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिनमें नीता सिसोदिया, रजनी भंडारी, करिश्मा कोतवाल, नाज पटेल, प्रियंका देशपांडे, नासिरा मंसूरी, सोदामनी मजूमदार और रूखसाना मिर्जा शामिल हैं। इन सभी ने अपनी निर्भीक पत्रकारिता और जमीनी रिपोर्टिंग से समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने लाने का काम किया है।
आयोजन की जिम्मेदारी
कार्यक्रम की संयोजक प्रियंका पांडेय (उपाध्यक्ष, इंदौर प्रेस क्लब) और पूनम शर्मा हैं। कार्यक्रम का नेतृत्व इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम, महासचिव प्रदीप जोशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, सचिव अभिषेक चेंडके, कोषाध्यक्ष मनीष तिवारी सहित कार्यकारिणी सदस्य कर रहे हैं। कार्यक्रम के मार्गदर्शक के रूप में अरविंद तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
समारोह के बाद सभी महिला पत्रकारों और अतिथियों के लिए सामूहिक भोजन का भी आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि महिला शक्ति के योगदान को नमन करने का अवसर होगा।




