घट्टियाभाना में दो दिवसीय मेघनाथ मेला आस्था और परंपरा के साथ संपन्न। 42 फीट ऊंचे खंभे (लाट) पर घूमे गल महाराज

सोनकच्छ। नगर के समीपस्थ ग्राम घट्टियाभाना में प्रतिवर्षानुसार आयोजित होने वाला ऐतिहासिक एवं पारंपरिक मेघनाथ मेला इस वर्ष दो दिवसीय रूप में 2 मार्च पूर्णिमा से प्रारंभ होकर 3 मार्च धुलेंडी तक श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। मेले में क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे और परंपरा के साक्षी बने।
पहले दिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
मेले के प्रथम दिन देवस्थान पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। मेला समिति द्वारा श्रद्धालुओं के मनोरंजन हेतु आकर्षक झूले, घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानें, खिलौने तथा प्रसिद्ध जलेबी सहित अन्य व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। रात्रि में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
धुलेंडी पर निकला भव्य जुलूस
धुलेंडी के दिन मेले का मुख्य आकर्षण गल महाराज की परिक्रमा रही। शाम के समय गल घूमने वाले पड़ियार का गांव में ढोल-दमाकों के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। ग्रामीणों ने तिलक लगाकर अपनी श्रद्धा अनुसार भेंट-पूजा अर्पित की।
42 फीट ऊंचे खंभे पर परंपरागत अनुष्ठान
परंपरा के अनुसार लगभग 42 फीट ऊंचे खंभे (लाट) पर नाल समाज के पड़ियार को चढ़ाया गया। विशेष विधि-विधान के साथ रस्सियों के सहारे खंभे के शीर्ष से परिक्रमा कराई गई। इस दौरान देवस्थान एवं मेला परिसर में उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं ने “मेघनाथ महाराज की जय” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान कर दिया। यह दृश्य श्रद्धा, साहस और परंपरा का अद्भुत संगम रहा, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे।
मेला समिति ने किया सम्मान
अनुष्ठान पूर्ण होने के पश्चात नाल समाज के पड़ियार एवं उनके साथियों का मेला समिति द्वारा साफा पहनाकर एवं भेंट प्रदान कर सम्मान किया गया।

मेले में जनप्रतिनिधि भी हुए शामिल
मेले में भाजपा मंडल अध्यक्ष विजेन्द्र सिंह मनासा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौदान सिंह ओड सहित कई जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए और मेघनाथ महाराज के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
सामाजिक समरसता का प्रतीक
मेघनाथ मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम है। दो दिवसीय इस आयोजन में हजारों लोगों की सहभागिता ने गांव की एकता और परंपरा के प्रति आस्था को दर्शाया।
इस अवसर पर गांव के पटेल विक्रम सिंह बाबूजी, सरपंच प्रतिनिधि दिनेश नागर, मेला समिति अध्यक्ष जितेन्द्र नागर, सचिव राजेश नागर, कोषाध्यक्ष सतीश नागर व राहुल धाकड़ सहित मेला समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इसी प्रकार का पारंपरिक मेघनाथ मेले का आयोजन समीपस्थ ग्राम चौबारा जागीर में भी श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया, जिसमें क्षेत्र के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर परंपरा का निर्वहन किया।




