देवास पुलिस की सख्त कार्रवाई, थाना प्रभारी सुबोध गौतम की अगुवाई में अवैध हथियार सहित आरोपी गिरफ्तार

देवास, 16 फरवरी 2026। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पीपलरावां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार गौतम के नेतृत्व में टीम ने एक आरोपी को देशी कट्टा और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 फरवरी 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि सुरजना रोड पर एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी सोनकच्छ दीपा माण्डवे के निर्देशन में थाना प्रभारी सुबोध कुमार गौतम ने पुलिस टीम के साथ मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वीरेंद्र पिता अनवर हाड़ा (26 वर्ष) निवासी ग्राम कुमारिया बनवीर थाना पीपलरावां जिला देवास बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 01 देशी कट्टा एवं 01 जिंदा कारतूस बरामद किया गया। वैध लाइसेंस नहीं पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 43/2026 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
थाना प्रभारी की सक्रियता से बदली क्षेत्र की तस्वीर
थाना पीपलरावां क्षेत्र में कई ऐसे गांव रहे हैं, जहां पूर्व में पुलिस का जाना भी चुनौतीपूर्ण माना जाता था। कई बार पुलिस टीम के साथ मारपीट की घटनाएं भी सामने आती थीं। लेकिन थाना प्रभारी सुबोध कुमार गौतम के पदभार संभालने के बाद स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए उन्होंने लंबे समय से फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। उनके नेतृत्व में क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और पुलिस का विश्वास ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ा है। अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई से अपराधियों में भय का माहौल बना है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार गौतम, उपनिरीक्षक अरुण पिपल्दे (चौकी प्रभारी चौबाराधीरा), प्रधान आरक्षक महेन्द्र राव, आरक्षक बलराम, राजकुमार, अजय मालवीय एवं रवींद्र की सराहनीय भूमिका रही।




