महाशिवरात्रि पर शीतलेश्वर महादेव मंदिर में भव्य प्रसादी भंडारा, सुबह से उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

देवास। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शहर की बजरंग नगर कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध शीतलेश्वर महादेव मंदिर में प्रसादी भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।

भक्तगण भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। इसके पश्चात श्रद्धालु भंडारे में प्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ ले रहे हैं। मंदिर को आकर्षक फूल-मालाओं और विद्युत सजावट से सजाया गया है, जिससे वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
आयोजकों ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष पूजन-अर्चन एवं रुद्राभिषेक का भी आयोजन किया गया। दिनभर श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी वितरण जारी रहेगा।
क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है।




