देवास में अपहरण, मारपीट और फिरौती कांड का खुलासा

थाना बैंक नोट प्रेस पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार
देवास, 14 फरवरी 2026। थाना बैंक नोट प्रेस पुलिस ने अपहरण, मारपीट एवं फिरौती मांगने की गंभीर वारदात का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक का अपहरण कर उसे भोपाल ले जाकर बेरहमी से पीटा और 25 हजार रुपये की मांग की थी।
क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी 2026 की रात करीब 11:30 बजे फरियादी खेत से घर लौट रहा था, तभी सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार चार बदमाशों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया। आरोपी उसे भोपाल की ओर ले गए, जहां रास्ते में गाली-गलौज, हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई और जलती सिगरेट से दागकर गंभीर चोटें पहुंचाईं। आरोपियों ने उससे 25,000 रुपये की फिरौती भी मांगी।
फरियादी की शिकायत पर थाना बैंक नोट प्रेस में अपराध क्रमांक 06/2026 धारा 140(4), 308(5), 118(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर भदौरिया के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी संजय शर्मा एवं बबीता बामनिया के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीति कटारे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
ऐसे दबोचे गए आरोपी
पुलिस टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय कर इंदौर-भोपाल बायपास पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
1. राजेश सिंह (37) निवासी न्यू गौरी नगर, इंदौर
2. सोनू राजपूत (25) निवासी फंदा, थाना खजूरी सड़क, भोपाल
3. दानीश मोलाना निवासी फिजा कॉलोनी, नारियलखेड़ा, भोपाल
4. आफताब (28) निवासी जूना गणेश मंदिर क्षेत्र, इंदौर (हाल गीता नगर)
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी श्रीमती प्रीति कटारे, उपनिरीक्षक रामलाल भगत, सहायक उपनिरीक्षक मांगीलाल भगोरा, आरक्षक संदीप यादव, शंकर डोडियार, सीराज एवं महिला आरक्षक लाँडकुवर की विशेष भूमिका रही।




