पीपलरावां पुलिस की कार्रवाई ₹21 हजार की अवैध देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

देवास, 13 फरवरी 2026। “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में पीपलरावां थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुख्ता मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 06 पेटी अवैध देशी प्लेन शराब (कीमत लगभग ₹21,000) जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिलेभर में संगठित अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु “ऑपरेशन प्रहार” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 फरवरी 2026 को सुराखेड़ा जोड़ के पास ग्राम पटाडिया ताज में अवैध शराब बिक्री की सूचना प्राप्त हुई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सोनकच्छ दीपा माण्डवे के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार गौतम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम हेमंत पिता नरेंद्र झांझा (उम्र 28 वर्ष), निवासी कुमारिया बनवीर, थाना पीपलरावां, जिला देवास बताया।
आरोपी के कब्जे से खाकी रंग के 06 कार्टून बरामद हुए, जिनमें देशी प्लेन शराब पाई गई। पुलिस ने लगभग ₹21,000 कीमत की 06 पेटी अवैध शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 37/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
जब्त मशरूका
06 पेटी अवैध देशी प्लेन शराब, कुल अनुमानित कीमत: ₹21,000/-
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार गौतम सहित उपनिरीक्षक अरुण पिपल्दे (चौकी प्रभारी चौबाराधीरा), प्रआर महेंद्र राव, राजेंद्र, आरक्षक राजकुमार एवं बलराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




