देवास पुलिस की मुस्तैदी से 12 घंटे में 900 किमी दूर से 45 लाख का डम्फर बरामद

देवास। देवास पुलिस की त्वरित कार्रवाई और अंतरराज्यीय समन्वय का एक और प्रभावी उदाहरण सामने आया है। देर रात चोरी हुआ 45 लाख रुपये कीमत का डम्फर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर 900 किलोमीटर दूर हरियाणा के नूंह जिले से बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी राजेश बघेल निवासी अर्जुन नगर, ईटावा (देवास) ने थाना बैंक नोट प्रेस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि वह धनपाल सिंह सेंधव के यहां ड्राइवरी का कार्य करता है। 2 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे उसने डम्फर श्री चेतन्य स्कूल के पास, विनायत इंटरप्राइजेस प्लांट, इंदौर-भोपाल रोड जेतपुरा परिसर में खड़ा किया था। 2-3 फरवरी की रात करीब 2 बजे डम्फर चोरी हो गया।
सूचना मिलते ही थाना बैंक नोट प्रेस में अपराध क्रमांक 60/2026 धारा 305(A) के तहत मामला पंजीबद्ध कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने चोरी गए डम्फर की शीघ्र बरामदगी और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में, उप पुलिस अधीक्षक (एल-आर) संजय शर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस अमित सोलंकी और थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य और मुखबिर तंत्र सक्रिय कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में सामने आया कि डम्फर की पायलटिंग सफेद रंग की क्रेटा कार कर रही थी। जांच के दौरान यह आशंका जताई गई कि वारदात में हरियाणा के नूंह जिले की मेवाती गैंग शामिल हो सकती है।
घटना के करीब 6 घंटे बाद ही देवास पुलिस ने हरियाणा पुलिस से समन्वय स्थापित कर खेड़ा कालीपुर टोल प्लाजा, थाना रोजकामेव जिला नूंह पर नाकाबंदी करवाई। पुलिस के सटीक अनुमान के आधार पर चोरी गया डम्फर टोल प्लाजा से जप्त कर लिया गया।
इस तरह देवास पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर प्रभावी समन्वय करते हुए 45 लाख रुपये कीमत का डम्फर मात्र 12 घंटे में बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
जप्त मशरूका, 45 लाख रुपये कीमत का डम्फर
इनकी रही सराहनीय भूमिका
उप पुलिस अधीक्षक (एल-आर) संजय शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल, थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र शशिकांत चौरसिया, थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस अमित सोलंकी, सउनि हितेश चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक दिनेश मुकाती, भारत चौधरी तथा हरियाणा के थाना रोजकामेव (नूंह) से निरीक्षक विनोद कुमार, प्रधान आरक्षक दिनेश कुमार, आरक्षक संजय कुमार एवं विनीत कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




