सड़क को बनाया रेसिंग ट्रैक! तेज रफ्तार बस चालक पहुंचा सलाखों के पीछे

देवास। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के सख्त पालन को लेकर देवास पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में गुरुवार को एक बस चालक के खिलाफ खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशानुसार सड़क हादसों में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
12 फरवरी 2026 को पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत मिली कि मेढकीचक–चंदाना रोड से देवास की ओर आ रही सागर बस (क्रमांक MP41P3377) का चालक अधिक सवारियां बैठाने की होड़ में बस को तेज गति और लापरवाही से चला रहा है। बस की रफ्तार और चालक की लापरवाही से यात्रियों व राहगीरों की जान खतरे में पड़ गई थी।
शिकायत की जांच के बाद बस चालक मोईन शेख पिता निजामुद्दीन शेख (उम्र 33 वर्ष), निवासी रसलपुर औद्योगिक क्षेत्र, देवास के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 76/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस एवं 132/177(1), 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
देवास पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वर्ष 2026 में इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।




