आदर्श कॉलोनी की सड़क अब मौत का ट्रैक बन गई: अस्पताल के सामने भीड़, डंपर-ट्रैक्टर की रेसिंग, स्पीड ब्रेकर आज भी नहीं
पार्षद ने दर्जनों बार लिखित-अभिलिखित में मांग की, कलेक्टर को भी ज्ञापन – फिर भी स्पीड ब्रेकर अधूरा, ट्रैफिक अनियंत्रित

शाजापुर। आदर्श कॉलोनी (वार्ड क्रमांक 02) का मुख्य मार्ग अब मौत का जाल बन चुका है। स्पीड ब्रेकर के अभाव में मनचले युवक बुलेट और मोटरसाइकिलों को तेज रफ्तार में दौड़ा रहे हैं और चलते-चलते पटाखे फोड़कर पूरे मोहल्ले में दहशत फैला रहे हैं।
स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चे हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर सड़क पार करते हैं।
इसके अलावा इस सड़क पर एक बड़ा अस्पताल भी स्थित है, जहाँ मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ लगी रहती है। अस्पताल के सामने ही यह अनियंत्रित ट्रैफिक और पटाखों की आवाजें मरीजों के लिए और भी खतरनाक साबित हो रही हैं।
सड़क का उपयोग अब बहुत ज्यादा बढ़ गया है। यहाँ से खेड़ा पहाड़ और आसपास के इलाकों के लिए बड़े वाहन जैसे डंपर, ट्रैक्टर और मंडी के भारी ट्रैक्टर नियमित रूप से निकलते हैं। तेज रफ्तार में चलने वाले इन भारी वाहनों के कारण छोटे वाहन और पैदल चलने वाले लोगों के लिए स्थिति और भी भयावह हो गई है।
स्थानीय निवासी पं. शिवम नागर ने कलेक्टर महोदय को दिए ताजा ज्ञापन (दिनांक 03-02-2026) में चेतावनी दी है – “यदि समय रहते स्पीड ब्रेकर नहीं बनवाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। तब जिम्मेदारी कौन लेगा?”
यह समस्या नई नहीं है।
आदर्श कॉलोनी की पार्षद श्रीमती भूवनेश्वरी सतीश राठौर ने पिछले 2 साल से अधिक समय से इस मुद्दे को लगातार उठाया है।
उन्होंने नगर पालिका में कई बार लिखित आवेदन दिए,
सीएमओ से व्यक्तिगत बातचीत की और बार-बार अनुरोध किया कि वार्ड 02 के मुख्य रोड पर स्पीड ब्रेकर का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
फिर भी आज तक नगर पालिका ने एक भी ठोस कदम नहीं उठाया।
पार्षद ने बताया कि “लिखित में भी दिया, मौखिक में भी कई बार कहा, लेकिन सीएमओ महोदय ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब लोग इतने परेशान हैं कि सड़क पर बच्चे और मरीज निकलते ही डर लगता है।”
स्थानीय माता-पिता और मरीजों के परिजनों का कहना है –
“पटाखों की तेज आवाज से बच्चे डर जाते हैं। डंपर और ट्रैक्टर की रफ्तार देखकर सड़क पार करना नामुमकिन हो गया है। अस्पताल के सामने यह हालात हैं तो सोचिए कितना बड़ा खतरा है।”
निवासियों का सवाल अब यही है –
“क्या प्रशासन तब तक इंतजार करेगा जब तक कोई बड़ी दुर्घटना न हो जाए?”




