सोनकच्छ तैयार, 10 फरवरी से बोर्ड परीक्षा—11 केंद्रों पर 6 हजार परीक्षार्थी
सोनकच्छ।विकासखंड सोनकच्छ में माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल (दसवीं) एवं हायर सेकेंडरी (बारहवीं) बोर्ड परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षाओं का आयोजन 10 फरवरी से किया जाएगा। इस वर्ष परीक्षाओं में छह हजार से अधिक छात्र-छात्राएँ सम्मिलित होंगे, जिनके लिए विकासखंड स्तर पर कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
शनिवार को परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित रख दी गई है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सी.एल. पेठारी ने जानकारी देते हुए बताया कि विकासखंड सोनकच्छ के सभी 11 परीक्षा केंद्रों की गोपनीय सामग्री वितरण केंद्र देवास से प्राप्त कर संबंधित थाना पीपलरावा, थाना भोंरासा एवं थाना सोनकच्छ में जमा कराई गई है। यह सामग्री परीक्षा दिवस पर विशेष पुलिस सुरक्षा एवं कलेक्टर प्रतिनिधि की उपस्थिति में संबंधित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाई जाएगी।
इस वर्ष विकासखंड सोनकच्छ में हाईस्कूल के 3035 एवं हायर सेकेंडरी के 3141 परीक्षार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षाओं के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन के लिए निरीक्षण दलों का गठन किया गया है, साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
विकासखंड सोनकच्छ के परीक्षा केंद्र इस प्रकार हैं—
श्रीमती पी.वी. जाट शासकीय कन्या उमावि, बायपास रोड, सोनकच्छ
शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय, सोनकच्छ
शासकीय मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय, सोनकच्छ
शासकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय, पिपलरावाँ
शासकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय, भोंरासा
शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंधर्वपुरी
शासकीय हाई स्कूल, बीसाखेड़ी
सेंट एन्थोनी कॉन्वेंट स्कूल, सोनकच्छ
सरस्वती शिशु मंदिर, पिपलरावाँ
एडवांस एकेडमी हायर सेकेंडरी स्कूल, सोनकच्छ
प्रतिभा हाईट्स स्कूल, सॉवेर, सोनकच्छ
शिक्षा विभाग ने परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र साथ रखने तथा परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





