सोनकच्छ बस स्टैंड समस्या के स्थायी समाधान हेतु परिवहन मंत्री से मिले विधायक डॉ. राजेश सोनकर

सोनकच्छ।नगर में लंबे समय से चली आ रही बस स्टैंड एवं बसों के निर्धारित स्थान पर नहीं रुकने की समस्या अब समाधान की दिशा में आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। सामाजिक संस्था “द सोशल क्लब” द्वारा उठाए गए इस मुद्दे के बाद क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने सक्रिय पहल करते हुए मध्यप्रदेश के परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की।
कुछ दिन पूर्व द सोशल क्लब ने विधायक को ज्ञापन सौंपकर मांग की थी कि सोनकच्छ बस स्टैंड पर सरकारी एवं निजी यात्री बसों का अनिवार्य ठहराव सुनिश्चित किया जाए। ज्ञापन में बताया गया कि इंदौर, देवास, आष्टा, सीहोर, भोपाल सहित अन्य शहरों के लिए संचालित कई बसें अक्सर बायपास से निकल जाती हैं, जिससे यात्रियों, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। साथ ही नगर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक डॉ. सोनकर ने तत्काल संबंधित विभाग से संपर्क साधा और परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के समक्ष सोनकच्छ की स्थिति रखी। मुलाकात के दौरान नगर में सुव्यवस्थित एवं स्थायी बस स्टैंड व्यवस्था, सभी यात्री बसों के नियमित ठहराव और यातायात नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई।
इस संबंध में विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने कहा —
“सोनकच्छ की बस स्टैंड समस्या जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। द सोशल क्लब द्वारा इस मुद्दे को उठाना सराहनीय पहल है। मैंने परिवहन मंत्री से विस्तृत चर्चा की है तथा संबंधित अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक कर इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित परिवहन सुविधा मिल सके।”
विधायक की इस पहल से क्षेत्रवासियों में आशा जगी है। नागरिकों का मानना है कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई होती है तो वर्षों पुरानी यह समस्या समाप्त होकर सोनकच्छ को एक व्यवस्थित बस स्टैंड की सौगात मिल सकती है।




