अवैध कॉलोनियों पर सख्ती, कम्पाउंडिंग से होंगे मकान वैध- आयुक्त दलीप कुमार

देवास। नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने समय-सीमा (टीएल) में प्राप्त सभी शिकायतों का निर्धारित समय में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में निगम के सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर विभागवार प्रकरणों की समीक्षा की गई।
बैठक में ऊर्जा संरक्षण के तहत किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए उपयंत्री पलक श्रीवास्तव ने बताया कि निगम द्वारा अपनाए गए उपायों से प्रतिमाह लगभग 8 लाख रुपये की बचत हो रही है। आयुक्त ने एलईडी क्लस्टर योजना की समीक्षा करते हुए सभी विद्युत पोल्स की नंबरिंग कराने एवं जिन पोल्स पर लाइट नहीं है, उनकी सूची तैयार करने के निर्देश दिए।
आयुक्त दलीप कुमार ने उद्यान विभाग को निर्देश दिए कि सीवरेज से प्राप्त ट्रिटेड पानी का उपयोग पौधों की सिंचाई एवं रोड डिवाइडर वॉशिंग में किया जाए। साथ ही जिन गार्डनों में टंकियों के माध्यम से पानी दिया जा सकता है, उनकी सूची तैयार करने को कहा गया।
देवास शहर के प्रवेश मार्ग पर स्थित स्पोर्ट्स पार्क की सुंदरता को और निखारने के लिए चौराहों एवं स्ट्रीट लाइट पोल्स पर रंगीन लाइट लगाने की योजना तैयार करने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए।
निगम सीमा क्षेत्र में बिना अनुमति अथवा अनुमति के विपरीत बने भवनों के स्वामियों को सूचना पत्र जारी कर कम्पाउंडिंग के माध्यम से अनुज्ञा शुल्क जमा कर निर्माण वैध करने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
आयुक्त ने प्रधानमंत्री स्वनिधि से समृद्धि योजना एवं संबल योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए जागरूकता बढ़ाने और आवेदनों की गहन जांच करने के निर्देश दिए।
साथ ही सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति टेंट लगाने पर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश निगम अधिकारियों को दिए गए।




