ओबीसी आरक्षण को लेकर सरकार की चुप्पी के खिलाफ बिगुल, 30 जनवरी को भोपाल में महाआंदोलन तय
27 प्रतिशत आरक्षण तय होने के बावजूद युवाओं और छात्रों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है।

शाजापुर में ओबीसी आरक्षण महासभा की हुंकार, कहा—यह लड़ाई किसी एक समाज की नहीं, पूरे ओबीसी वर्ग के अधिकारों की है

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि चरणसिंह पंडाजी देवस्थान, मानासा के चरणसिंह पंडाजी ने मंच से गुर्जर समाज सहित संपूर्ण ओबीसी वर्ग के सभी संगठनों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति के नेतृत्व में होने वाले इस ऐतिहासिक आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह आंदोलन किसी एक समाज का नहीं, बल्कि पूरे ओबीसी वर्ग के संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई है, जिसे अब निर्णायक मोड़ तक ले जाना आवश्यक हो गया है।

राष्ट्रीय गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह गुर्जर ने तीखे शब्दों में कहा कि
“आरक्षण के मुद्दे पर जो लोग वर्षों से सोए हुए हैं, उन्हें अब आंदोलन के माध्यम से जगाने का समय आ गया है।”
उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर से लेकर जिला स्तर तक व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और ओबीसी वर्ग की सभी जातियां बड़ी संख्या में भोपाल पहुंचकर अपनी ताकत दिखाएंगी।
आजाद समाज पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह गुर्जर ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि
“कई वर्षों से 13 प्रतिशत आरक्षण पर होल्ड लगाकर रखा गया है, जिसे तत्काल हटाया जाना चाहिए।”
उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि
“30 जनवरी को भोपाल में आवेदन-निवेदन नहीं होगा, इस बार ठोस जवाब लिया जाएगा। गुर्जर समाज सभी समाजों को साथ लेकर यह लड़ाई लड़ेगा और इसकी सफलता तय है।”
वहीं राष्ट्रीय गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति के प्रदेश सचिव वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि
“27 प्रतिशत आरक्षण तय होने के बावजूद युवाओं और छात्रों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। सरकार द्वारा लगाए गए होल्ड के खिलाफ अब बड़े स्तर पर आंदोलन होगा, जिसका निर्णायक पड़ाव 30 जनवरी को भोपाल में देखने को मिलेगा।
”प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला अध्यक्ष शाजापुर भारत सिंह गुर्जर, जिला महासचिव भगवान सिंह गुर्जर सहित अनेक समाजसेवी, संगठन प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रसराज जी गुर्जर ने किया, जबकि अंत में राष्ट्रीय गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति के प्रदेश महासचिव वीरेंद्र सिंह गुर्जर द्वारा आभार व्यक्त किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान उपस्थित समाजजनों में स्पष्ट संदेश देखने को मिला कि अब ओबीसी वर्ग अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए संगठित होकर निर्णायक संघर्ष के लिए तैयार है और 30 जनवरी को भोपाल की धरती इस आंदोलन की गवाह बनेगी।




