पिपल्या सड़क व आसपास के गांवों में आनंद उत्सव, बच्चों व ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

टोंक खुर्द। जन अभियान परिषद जिला समन्वयक सुप्रिती यादव एवं ब्लॉक समन्वयक राजेश सिसोदिया के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था न्यू टोंक कलां महिला मंडल द्वारा ग्राम पिपल्या सड़क स्थित शासकीय हाई स्कूल में विविध रचनात्मक व खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में महिला मंडल अध्यक्ष पूजा वर्मा ने जन अभियान परिषद के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। इसके पश्चात स्कूली बच्चों के लिए चेयर रेस, ग्लास पिरामिड, कबड्डी, खो-खो एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिताओं में सलोनी परमार, जरीना शाह, अजय, विजय, अलीशा, कुलदीप चौहान सहित अनेक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में जितेंद्र वर्मा, सरला सोनी, लक्ष्मी नारायण पटेल, राकेश मंडलोई सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसी क्रम में चिडावद स्थित रवि पब्लिक स्कूल, ग्राम आलरी व टोंक कलां में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं ग्राम भैरवाखेड़ी में ग्राम प्रस्फुटन समिति के माध्यम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम हुए तथा गांव की दीवारों पर नारे लेखन किया गया।
प्रदेश स्तर पर चल रहे ग्रामोदय से अभ्युदयम पखवाड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत आलरी में आनंद उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें नवांकुर संस्था न्यू टोंक कलां महिला मंडल समिति ने सक्रिय सहभागिता की। ग्रामीणों के बीच चेयर रेस, नींबू रेस, भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
संस्था अध्यक्ष पूजा वर्मा ने बताया कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है तथा उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, जल, पर्यावरण एवं नशा मुक्ति विषयों पर भी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। साथ ही ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम ने ग्रामीणों को एक मंच पर जोड़ने के साथ आनंद, उत्साह और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।




