बायपास पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, पंचमेल काष्ठ से भरा आयशर जब्त

देवास। वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने मुखबिर की सूचना पर भोपाल–इंदौर बायपास पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे पंचमेल काष्ठ से भरे एक आयशर वाहन को पकड़ा है। टीम ने वाहन क्रमांक एमपी 13 जीबी 2694 को रोककर जांच की, जिसमें वाहन में पंचमेल काष्ठ भरी पाई गई।

जांच के दौरान वाहन चालक से काष्ठ परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर वन विभाग द्वारा वाहन सहित काष्ठ जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी अमित सिंह चौहान एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी देवास राजेश चौहान के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में प्रभारी उड़नदस्ता रेस्क्यू हेमराज गोखलेकर, राजेश चौहान, महेंद्र पंवार, दिनेश चौधरी, अंकित मंडलोई एवं मनीष परमार का सराहनीय सहयोग रहा।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध लकड़ी कटान व परिवहन के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।




