नाबालिगों को वाहन सौंपना पड़ा भारी, पीपलरावा में पुलिस की सख्त चेकिंग, न्यायालय ने वाहन स्वामी पर ठोका 17,500 का जुर्माना

देवास। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से देवास पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान अब निर्णायक कार्रवाई के रूप में सामने आ रहा है। इसी कड़ी में नाबालिग से वाहन चलवाने का मामला वाहन स्वामी को भारी पड़ गया।
पुलिस अधीक्षक देवास के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) के मार्गदर्शन में थाना पीपलरावा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी सुबोध गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान नाबालिग द्वारा वाहन चलाने का मामला सामने आने पर वाहन स्वामी अंकित पिता बहादुर सिंह निवासी घटिया कला के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185, 146/196, 3/181, 5/184 एवं 199 के तहत प्रकरण दर्ज कर अभियोग पत्र न्यायालय सोनकच्छ में प्रस्तुत किया गया।
न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वाहन स्वामी पर 17,500 रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया, जिसे वसूल किया गया।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पीपलरावा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों को वाहन सौंपना गंभीर अपराध है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी बिना किसी रियायत के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
* नाबालिगों को वाहन न सौंपें
* शराब पीकर वाहन न चलाएं
* हेलमेट व दस्तावेज अनिवार्य रखें
* नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें
थाना प्रभारी सुबोध गौतम का कहना है कि यह अभियान केवल दंडात्मक नहीं बल्कि जन-जागरूकता आधारित है और आगामी दिनों में भी निरंतर एवं प्रभावी रूप से जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और नागरिकों को सुरक्षित यातायात वातावरण प्रदान किया जा सके।




