ओलावृष्टि से फसल नुकसान सर्वे के लिए तहसील स्तर पर संयुक्त दल गठित,
विधायक व कलेक्टर ने किया था निरीक्षण

सोनकच्छ ।तहसील सोनकच्छ क्षेत्र में 27 जनवरी 2026 को हुई भीषण ओलावृष्टि एवं अतिवृष्टि से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान के आकलन हेतु तहसील स्तर पर संयुक्त सर्वे दलों का गठन किया गया है। इस संबंध में तहसीलदार सोनकच्छ द्वारा 29 जनवरी 2026 को आदेश जारी किया गया।
उल्लेखनीय है कि ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण ,”डॉ. राजेश सोनकर”, के साथ कलेक्टर “ऋतुराज सिंह”, एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किया गया था। निरीक्षण के दौरान फसलों को हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति से माननीय मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया, जिस पर मुख्यमंत्री द्वारा तत्काल सर्वे कार्य प्रारंभ करने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए गए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के पालन में तहसीलदार सोनकच्छ द्वारा क्षतिग्रस्त फसलों के सर्वे हेतु संयुक्त दलों का गठन किया गया है, जो प्रभावित ग्रामों में पहुंचकर मौके पर फसल क्षति का निरीक्षण एवं सर्वे कार्य करेंगे।
चार संयुक्त सर्वे दल गठित
आदेश के अनुसार तहसील प्रशासन द्वारा अलग-अलग हल्कों के लिए कुल चार संयुक्त सर्वे दल गठित किए गए हैं। इन दलों में पटवारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी, पंचायत सचिव एवं सहायक सचिव को शामिल किया गया है। प्रत्येक दल को अपने-अपने निर्धारित ग्रामों में जाकर सर्वे करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
7 दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश
तहसीलदार द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि सभी सर्वे दल शासन के निर्धारित मापदंडों के अनुसार फसल क्षति का पंचनामा तैयार कर सात दिवस के भीतर फसल क्षति प्रपत्र (आर.आई. 6/4) सहित विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे, जिससे प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत प्रदान की जा सके।
विधायक की किसानों से अपील
विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने प्रभावित किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसल के नुकसान की जानकारी फसल बीमा के टोल फ्री नंबर 14447 पर अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि शिकायत दर्ज कराने से सर्वे प्रक्रिया में तेजी आएगी और पात्र किसानों को समय पर मुआवजा एवं राहत दिलाने में सहायता मिलेगी।
प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया है कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है और प्रत्येक प्रभावित कृषक को उसका पूरा हक दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।




