
शाजापुर ज़िले में ऐतिहासिक हिंदू सम्मेलन अभियान
101 समितियों के माध्यम से ग्राम-नगर स्तर तक होगा भव्य आयोजन
शाजापुर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर शाजापुर ज़िले में अभूतपूर्व और ऐतिहासिक स्तर पर हिंदू सम्मेलनों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। समाज में समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय भाव को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलेभर में कुल 101 आयोजन समितियों का गठन किया गया है। इनमें 73 समितियां ग्रामीण क्षेत्रों तथा 28 समितियां नगरीय क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। इन्हीं समितियों के माध्यम से जिले के प्रत्येक ग्राम, नगर, मॉडल एवं बस्ती स्तर पर हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।
5 लाख से अधिक लोग करेंगे सामूहिक सहभोज
इस महाअभियान की सबसे विशेष और प्रेरणादायी बात यह है कि जिलेभर में आयोजित होने वाले हिंदू सम्मेलनों में लगभग 5 लाख से अधिक लोग सामूहिक सहभोज में सहभागिता करेंगे। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का सशक्त उदाहरण बनेगा। सहभोज की व्यवस्था पूर्णतः सामाजिक सहयोग से की जा रही है, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
मंडल व बस्ती स्तर तक पहुंचे आयोजन
हिंदू सम्मेलनों को जमीनी स्तर तक प्रभावी बनाने के लिए आयोजन मंडल एवं बस्ती स्तर पर किए जा रहे हैं। प्रत्येक समिति को अपने क्षेत्र में जनसंपर्क, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन, संत समाज के सान्निध्य की व्यवस्था तथा सहभोज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके परिणामस्वरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक आयोजन का संदेश पहुंच रहा है और सहभागिता निरंतर बढ़ रही है।
गांव-गांव, बस्ती-बस्ती उमंग और उत्साह
जिले के ग्रामीण अंचलों से लेकर शहरी बस्तियों तक हिंदू सम्मेलनों को लेकर उत्साह का वातावरण है। कहीं प्रभात फेरियां, तो कहीं भजन-कीर्तन, मंदिरों की साज-सज्जा, घर-घर संपर्क अभियान और ध्वज-सज्जा के माध्यम से वातावरण धर्ममय हो रहा है। युवाओं, मातृशक्ति और वरिष्ठजनों की सक्रिय सहभागिता ने इस आयोजन को और अधिक जीवंत बना दिया है।
सांस्कृतिक स्वरूप में, समरसता का संदेश
आयोजन समितियों ने स्पष्ट किया है कि सभी हिंदू सम्मेलन पूर्णतः सामाजिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप में आयोजित किए जा रहे हैं। सम्मेलनों में प्रबुद्ध वक्ताओं द्वारा सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रभाव पर प्रेरक मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही संत समाज का सान्निध्य एवं आशीर्वाद भी प्राप्त होगा।
शाजापुर नगर में तैयारियां चरम पर
8 बस्तियों में शताब्दी वर्ष का भव्य हिंदू सम्मेलन
शाजापुर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर शाजापुर नगर में आयोजित होने वाले हिंदू सम्मेलनों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समाज में एकता, समरसता और सांस्कृतिक चेतना के उद्देश्य से नगर को 8 प्रमुख केंद्रों (बस्तियों) में विभाजित कर क्रमबद्ध रूप से भव्य हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा।
नगर की प्रत्येक बस्ती में आयोजन समितियां घर-घर संपर्क कर नागरिकों से सहभागिता का आग्रह कर रही हैं। प्रभात फेरियां, भजन-कीर्तन, झंडा सज्जा, दीवार लेखन एवं मंदिरों में विशेष आराधना के माध्यम से पूरे नगर में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण निर्मित हो रहा है।
राजनीतिक मंचन से दूर, सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजन
आयोजन समितियों ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया है कि सभी हिंदू सम्मेलन राजनीतिक मंचन से पूर्णतः दूर, सामाजिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप में आयोजित होंगे। संत समाज का सान्निध्य एवं प्रबुद्ध वक्ताओं का मार्गदर्शन इन सम्मेलनों की विशेष पहचान रहेगा। प्रत्येक केंद्र पर सामूहिक सहभोज की भी व्यवस्था की जा रही है, जिससे समाज में भाईचारे और एकता की भावना और अधिक प्रबल हो।
युवाओं और मातृशक्ति की अहम भूमिका
हिंदू सम्मेलनों की तैयारियों में युवाओं की टोली अग्रणी भूमिका निभा रही है। मंच व्यवस्था, बैठक प्रबंधन, ध्वनि-प्रकाश, स्वच्छता एवं अनुशासन की जिम्मेदारी युवाओं को सौंपी गई है। वहीं मातृशक्ति द्वारा भजन मंडलियों का गठन कर धार्मिक आयोजनों को सशक्त बनाया जा रहा है।
नगर के 8 केंद्रों पर आयोजन कार्यक्रम
नगर के विभिन्न केंद्रों पर हिंदू सम्मेलनों का आयोजन इस प्रकार होगा—
महाराणा प्रताप बस्ती
श्री संकट मोचन हनुमान हिंदू सम्मेलन समिति
📅 10 जनवरी, ⏰ दोपहर 2:30 बजे
📍 पुरानी अनाज मंडी टंकी चौराहाशिवाजी बस्तीश्री दास हनुमान हिंदू सम्मेलन समिति
📅 10 जनवरी, ⏰ प्रातः 10:00 बजे
📍 किला मैदान
हिंगलाज बस्ती
श्री बलवीर हनुमान हिंदू सम्मेलन समिति
📅 11 जनवरी, ⏰ दोपहर 4:00 बजे
📍 म. लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय
बजरंग बस्ती
श्री बजरंग हिंदू सम्मेलन समिति
📅 11 जनवरी, ⏰ प्रातः 10:00 बजे
📍 आईटीआई मैदान
अम्बेडकर बस्ती
श्री नीलकंठेश्वर महादेव हिंदू सम्मेलन समिति
📅 17 जनवरी, ⏰ दोपहर 4:00 बजे
📍 नीलकंठ महादेव मंदिर, गरासिया घाट
केशव बस्ती
श्री काशी विश्वनाथ महादेव हिंदू सम्मेलन
📅 17 जनवरी, ⏰ प्रातः 10:00 बजे
📍 मल्हार गार्डन, दुपाड़ा रोड
माधव बस्ती
श्री राम हिंदू सम्मेलन समिति
📅 18 जनवरी, ⏰ शाम 4:30 बजे
📍 प्रहलाद जीन, नई सड़क
महादेव बस्ती
श्री चैतन्य चिंतामण हिंदू सम्मेलन समिति
📅 18 जनवरी, ⏰ प्रातः 10:00 बजे
📍 स्थान निर्धारित
नगरवासियों से सहभागिता की अपील
आयोजन समितियों ने नगर के समस्त नागरिकों, माता-बहनों एवं युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर सपरिवार अपनी-अपनी बस्ती में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक शताब्दी वर्ष आयोजन को सफल बनाएं। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन शाजापुर के सामाजिक एवं सांस्कृतिक इतिहास में एक नई और प्रेरणादायी पहचान स्थापित करेगा




