संघर्ष से सफलता तक: सलोनी विश्वकर्मा को सरपंच ने भेंट की साइकिल, उज्ज्वल भविष्य की कामना
सरपंच अनिता हेमराज भालोट द्वारा सलोनी को साइकिल वितरित की गई

ग्राम खोरिया एमा |

संघर्ष, मेहनत और हौसले की मिसाल बनी ग्राम खोरिया एमा की बेटी सलोनी विश्वकर्मा को उसकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि पर सम्मानित किया गया। शासकीय माध्यमिक विद्यालय कोरिया हेमा में कक्षा आठवीं में प्रथम श्रेणी (फर्स्ट क्लास) से उत्तीर्ण होने पर ग्राम पंचायत की सरपंच अनिता हेमराज भालोट द्वारा सलोनी को साइकिल वितरित की गई और उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
उल्लेखनीय है कि सलोनी विश्वकर्मा एक अत्यंत गरीब परिवार से संबंध रखती है। बचपन में उसकी मां का देहांत हो गया था, जिसके बाद पिता ने भी साथ छोड़ दिया। इसके बावजूद सलोनी ने परिस्थितियों के आगे हार नहीं मानी और अपने ननिहाल ग्राम कोरिया हेमा में रहकर पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई जारी रखी। आज उसी संघर्ष का परिणाम है कि वह कक्षा आठवीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सरपंच अनिता हेमराज भालोट के साथ करण सिंह जी, मंत्री सहायक सचिव नितेश पाटीदार, विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने सलोनी की प्रशंसा करते हुए उसके आगे भी इसी तरह मेहनत कर आगे बढ़ने की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण भी किया गया। उपस्थित जनसमुदाय ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और देशभक्ति के भाव के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
सलोनी की यह उपलब्धि न केवल ग्राम खोरिया एमा बल्कि समाज के उन सभी बच्चों के लिए प्रेरणा है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं।




