सोनकच्छ–गंधर्वपुरी मार्ग पर 8 फीट से ऊँचे व भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

सोनकच्छ–गंधर्वपुरी मार्ग पर 8 फीट से ऊँचे व भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंध
गंधर्वपुरी (चिराग पटेल)।सोनकच्छ–गंधर्वपुरी मार्ग के चैनज 9+100 पर स्थित मध्यम पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी देवास ने यातायात को असुरक्षित मानते हुए मार्ग परिवर्तन (डायवर्जन) के आदेश जारी किए थे जिसके मद्देनजर गंधर्वपुरी माली घाटी क्षेत्र में 8 फीट से अधिक ऊँचाई वाले एवं सभी भारी वाहनों का प्रवेश शनिवार से पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह व्यवस्था पुल के संधारण/पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण होने तक प्रभावी रहेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम, उज्जैन के 3 दिसंबर 2025 के पत्र तथा अनुविभागीय अधिकारी सोनकच्छ की निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया गया। 18 दिसंबर 2025 को किए गए संयुक्त निरीक्षण में पुल के निचले हिस्से में रिटेनिंग/रिइन्फोर्समेंट में क्षरण, जंग एवं संरचनात्मक कमजोरी पाई गई, जिससे पुल की स्थिरता प्रभावित हुई है। ऐसे में भारी वाहनों का आवागमन प्रथम दृष्टया सुरक्षित नहीं माना गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गंधर्वपुरी माली घाटी मार्ग से केवल 8 फीट तक ऊँचाई वाले हल्के वाहन ही गुजर सकेंगे। भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा। निरीक्षण के दौरान वैकल्पिक मार्गों का परीक्षण कर कलेक्टर द्वारा यातायात डायवर्जन की सशर्त अनुमति प्रदान की गई है।
निर्धारित वैकल्पिक यातायात मार्ग
1. सोनकच्छ → गंधर्वपुरी → पिपलरावां → शाजापुर मार्ग हेतु
पुष्पगिरी → सांवेर → बिसाखेड़ी → एनाबाद → चौबारा → बैराखेड़ी फाटा → पिपलरावां–शाजापुर (लगभग 20.91 किमी)
अगेरा → तालोद → गढ़ खजुरिया → मावरखेड़ी → बैराखेड़ी फाटा → पिपलरावां–शाजापुर (लगभग 21.38 किमी)
2. शाजापुर → पिपलरावां → गंधर्वपुरी → सोनकच्छ मार्ग हेतु
शाजापुर–पिपलरावां → बैराखेड़ी फाटा → चौबारा → एनाबाद → बिसाखेड़ी → सांवेर → पुष्पगिरी (लगभग 20.91 किमी)
शाजापुर–पिपलरावां → बैराखेड़ी फाटा → मावरखेड़ी → गढ़ खजुरिया → तालोद → अगेरा (लगभग 21.38 किमी)
प्रशासन ने नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि निर्माण कार्य पूर्ण होने तक निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, प्रतिबंधों का पालन करें और किसी भी प्रकार के जोखिम से बचें।




