सोनकच्छ–गंधर्वपुरी मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल, यातायात डायवर्ट करने के कलेक्टर के आदेश

सोनकच्छ–गंधर्वपुरी मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल, यातायात डायवर्ट करने के कलेक्टर के आदेश
सोनकच्छ।सोनकच्छ–गंधर्वपुरी मार्ग के चैनज 9+100 पर स्थित मध्यम पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण भारी वाहनों सहित सामान्य यातायात को असुरक्षित मानते हुए जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी देवास ने मार्ग परिवर्तन (डायवर्जन) के आदेश जारी किए हैं। यह व्यवस्था पुल के संधारण/पुनर्निर्माण पूर्ण होने तक प्रभावी रहेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम, उज्जैन द्वारा 3 दिसंबर 2025 को प्रस्तुत पत्र एवं अनुविभागीय अधिकारी सोनकच्छ की निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया गया। 18 दिसंबर 2025 को मौके पर संयुक्त निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पुल के नीचे हिस्से में रिटेनिंग/रिइन्फोर्समेंट का क्षरण, जंग और संरचनात्मक कमजोरी उत्पन्न हो गई है, जिससे पुल की स्थिरता प्रभावित हुई है। इस स्थिति में भारी वाहनों का आवागमन प्रथम दृष्टया सुरक्षित नहीं माना गया।
निरीक्षण के दौरान वैकल्पिक मार्गों का भी परीक्षण किया गया, जिसके बाद कलेक्टर द्वारा यातायात मार्ग परिवर्तन की सशर्त अनुमति प्रदान की गई।
निर्धारित वैकल्पिक यातायात मार्ग
1. सोनकच्छ → गंधर्वपुरी → पिपलरावां → शाजापुर मार्ग के लिए
पुष्पगिरी → सांवेर → बिसाखेड़ी → एनाबाद → चौबारा→ बैराखेड़ी फाटे से पिपलरावां–शाजापुर (लगभग 20.91 किमी)
अगेरा → तालोद → गढ़ खजुरिया → मावरखेड़ी → बैराखेड़ी फाटे से पिपलरावां–शाजापुर (लगभग 21.38 किमी)
2. शाजापुर → पिपलरावां → गंधर्वपुरी → सोनकच्छ मार्ग के लिए
शाजापुर–पिपलरावां → बैराखेड़ी फाटे से चौबारा → एनाबाद → बिसाखेड़ी → सांवेर → पुष्पगिरी (लगभग 20.91 किमी)
शाजापुर–पिपलरावां → बैराखेड़ी फाटे से मावरखेड़ी → गढ़खजुरिया→ नालोद → अगेरा (लगभग 21.38 किमी)
प्रशासन ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्माण कार्य पूर्ण होने तक निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करें, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।




