थाना प्रभारी आलोक सोनी व सुबोध गौतम की संवेदनशील पहल
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु देवास पुलिस ने लगाए चेतावनी पोस्टर

देवास। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देवास पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी और संवेदनशील प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सोनकच्छ दीपा माडवे के नेतृत्व में थाना प्रभारी टोंकखुर्द आलोक सोनी, चौकी प्रभारी उनि रमनदीप हुंदल एवं थाना प्रभारी पीपलरावा सुबोध गौतम द्वारा एक जनहितकारी पहल की गई है।
इस पहल के अंतर्गत जिले के उन दुर्घटना-संभावित एवं जानलेवा स्थलों पर चेतावनी एवं जागरूकता पोस्टर लगाए जा रहे हैं, जहां पूर्व में गंभीर सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की मृत्यु अथवा गंभीर रूप से घायल होने की घटनाएं घटित हुई हैं। पोस्टरों के माध्यम से वाहन चालकों को सतर्क रहने, सावधानीपूर्वक वाहन चलाने एवं यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार दिनांक 21.11.2025 को देवास–उज्जैन रोड पर ग्राम डिंगरोद्दा के पास हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की गंभीर रूप से घायल होने के बाद मृत्यु हो गई थी। उक्त दुर्घटना स्थल पर थाना टोंकखुर्द पुलिस द्वारा चेतावनी पोस्टर लगाए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
इसी प्रकार दिनांक 05.08.2025 को सोनकच्छ–पीपलरावा रोड पर सुर्जना फाटा के पास हुई दुर्घटना में तीन व्यक्तियों की गंभीर रूप से घायल होने के बाद मृत्यु हो गई थी। इस स्थल पर थाना पीपलरावा पुलिस द्वारा दुर्घटना चेतावनी पोस्टर लगाए गए हैं।
देवास पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन कर स्वयं व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।




