वैकल्पिक चिकित्सक संघ मध्य प्रदेश का वार्षिक सम्मेलन 11 जनवरी को, तैयारियाँ जोरों पर

मक्सी। इलेक्ट्रो होम्योपैथी के जनक डॉ. काउंट सीजर मेटी की जयंती के अवसर पर वैकल्पिक चिकित्सक संघ मध्य प्रदेश द्वारा 11 जनवरी को राज्य स्तरीय वार्षिक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह भव्य आयोजन इस वर्ष भोपाल स्थित हिंदी भवन में संपन्न होगा।
संघ द्वारा बताया गया कि प्रतिवर्ष यह आयोजन सुभाष यादव सभागृह में किया जाता रहा है, किंतु इस वर्ष आयोजन स्थल में परिवर्तन करते हुए इसे हिंदी भवन में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। सम्मेलन की तैयारियाँ वर्तमान में जोरों पर चल रही हैं।
वैकल्पिक चिकित्सक संघ मध्य प्रदेश पिछले कई वर्षों से इलेक्ट्रो होम्योपैथी के जनक डॉ. काउंट सीजर मेटी की जयंती को भव्य एवं उत्सव स्वरूप में मनाता आ रहा है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश सहित देशभर से सैकड़ों वैकल्पिक चिकित्सक सम्मेलन में सहभागिता करेंगे।
सम्मेलन के दौरान संघ द्वारा संगठन हितैषी एवं सेवा भाव से कार्य करने वाले चिकित्सकों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही डॉ. काउंट सीजर मेटी के जीवन, विचारों एवं इलेक्ट्रो होम्योपैथी पद्धति पर विशेष व्याख्यान भी आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिमन्यु सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम हम हर वर्ष एक त्योहार के रूप में मनाते हैं, जो हर साल और अधिक भव्य रूप लेता जा रहा है। यह आयोजन इलेक्ट्रो होम्योपैथी के जनक को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर है।
प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. नीलम विश्वकर्मा ने कहा कि जिस चिकित्सा पद्धति ने हजारों चिकित्सकों को रोजगार दिया और जिससे असंख्य रोगी रोगमुक्त हुए, उसके जनक का जन्मदिवस मनाना हमारे लिए गौरव और खुशी का विषय है।
प्रदेश महामंत्री डॉ. दीपक परसैया ने कहा कि प्रदेशभर के वैकल्पिक चिकित्सकों के मान-सम्मान और अधिकारों की लड़ाई संघ लगातार लड़ता आ रहा है और हर वर्ष मेटी जी की जयंती पर विशाल आयोजन कर इस संघर्ष को मजबूती दी जाती है।
वैकल्पिक चिकित्सक संघ मध्य प्रदेश ने प्रदेश एवं देशभर के समस्त वैकल्पिक चिकित्सकों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में शामिल होने का आह्वान किया है।




