अवैध मदिरा पर आबकारी विभाग का शिकंजा, 15 प्रकरण दर्ज

130 लीटर हाथ भट्टी शराब व 1600 किलो महुआ लाहन जब्त

देवास, 28 दिसंबर 2025। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने वृत्त देवास (ब) एवं वृत्त बागली क्षेत्र में प्रभावी कार्यवाही करते हुए अवैध शराब कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई की है।
कार्यवाही के दौरान विभागीय अमले ने मौके से 10 कैन बीयर, 12 पाव विदेशी मदिरा, 130 लीटर हाथ भट्टी मदिरा एवं लगभग 1600 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1 लाख 73 हजार रुपये आंका गया है।
इस दौरान कुल 15 प्रकरण मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के अंतर्गत दर्ज किए गए हैं। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




