क्षिप्रा शुद्धिकरण का संकल्प महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी जी को मंत्री तुलसी सिलावट का समर्थन

देवास | ट्रुथ 24, गो माता, पर्वत, नदी और वृक्ष धरती के देवता हैं। इनके संरक्षण से ही मानव जीवन सुरक्षित है। भगवान महाकाल के चरण पखारने वाली मां क्षिप्रा की वर्तमान स्थिति को देखते हुए महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी जी महाराज ने क्षिप्रा शुद्धिकरण का बड़ा संकल्प लिया है।
11 दिवसीय परिक्रमा से होगा शुद्धिकरण अभियान

महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी जी ने घोषणा की कि मां क्षिप्रा के उद्गम स्थल से 11 दिवसीय परिक्रमा कर जनसहयोग व शासन के सहयोग से सिंहस्थ पर्व से पूर्व क्षिप्रा नदी के शुद्धिकरण का कार्य पूर्ण किया जाएगा। इस अभियान में विश्व हिंदू परिषद, समस्त सनातन संगठन एवं समाज के सभी वर्गों की सहभागिता रहेगी।
श्रीमद्भागवत कथा के दौरान व्यक्त किया संकल्प
यह संकल्प देवास में विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष दिलीप अग्रवाल एवं उनके परिवार द्वारा आयोजित 251 जोड़ों के नि:शुल्क सामूहिक विवाह कार्यक्रम के अंतर्गत चल रही सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन व्यक्त किया गया।
कृष्ण लीलाओं से श्रोताओं को किया भावविभोर
कथा के दौरान स्वामी जी ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कर्म, ज्ञान और भक्ति मार्ग का सार समझाया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की आध्यात्मिक शक्ति के कारण ही भारत विश्व गुरु है।
सनातन संस्कारों पर दिया जोर
राज्यसभा सांसद पूज्य उमेशनाथ जी महाराज ने कहा कि सनातन समाज को जागरूक रहने की आवश्यकता है। बच्चों में प्रारंभ से ही सनातनी संस्कार देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों के बलिदान को अमर बताया।
मंत्री तुलसी सिलावट का समर्थन
मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट ने क्षिप्रा शुद्धिकरण के संकल्प को पूर्ण कराने का आश्वासन देते हुए महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी कथा स्थल पर पहुंचे और स्वामी जी का आशीर्वाद लिया।
कई संत और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में देवास विधायक गायत्रीराजे पवार, बागली विधायक मुरली भंवरा, अखिल भारतीय किसान संघ के संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी, राष्ट्रीय कवि देवकृष्ण व्यास, राष्ट्रीय कवि शशिकांत यादव सहित अनेक संत, सामाजिक कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
आयोजन के अंत में विश्व हिंदू परिषद जिलाध्यक्ष दिलीप अग्रवाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कथा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।




