खातेगांव–नेमावर में आबकारी की बड़ी दबिश, 85 लीटर अवैध मदिरा व 1900 किलो महुआ लाहन जब्त

देवास। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर देवास ऋतुराज सिंह के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त मनीष खरे के मार्गदर्शन में दिनांक 24 दिसंबर 2025 को खातेगांव–नेमावर क्षेत्र में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की।

संयुक्त टीम द्वारा खातेगांव क्षेत्र के हरिजन मोहल्ला, ग्राम सिरालिया तथा नेमावर के सिकलीगर मोहल्ला सहित अन्य स्थानों पर सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 85 लीटर हाथ भट्टी निर्मित अवैध मदिरा एवं लगभग 1900 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया।
कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 12 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। जप्त की गई सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 2 लाख 7 हजार रुपये बताया गया है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी नीलेश पंवार एवं दिनेश भार्गव ने किया। अभियान में खातेगांव आबकारी उपनिरीक्षक पूजा गेहलोत, आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, कैलाश जामोद, मुख्य आरक्षक राजाराम एवं दीपक धुरिया सहित आबकारी आरक्षक शंकरलाल परते, विकास, निहाल, निकिता परमार, राजेश जोशी, विकास गौतम, अरविंद जिनवाल तथा सैनिक संतोष कटारे, अनिल चौहान एवं अनिल अकोड़िया शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।




